Buy Advt. Space

विकसित भारत के निर्माण में प्रधानमंत्री मोदी का योगदान महत्वपूर्ण: लता उसेंडी

By

कोंडागांव में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा, नागरिकों ने लिया विकसित भारत का संकल्प

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को कोंडागांव में भव्य सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ एनसीसी मैदान से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए शासकीय गुण्डाधुर महाविद्यालय मैदान पहुंची। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में सहभागिता की शपथ दिलाई।

प्रधानमंत्री का जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित: लता उसेंडी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में आने के बाद से राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनका पूरा जीवन देशहित के लिए समर्पित रहा है और वे निरंतर राष्ट्रहित में कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। कोंडागांव जिले में भी बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को आवास का लाभ मिला है।

जन-धन, डीबीटी और स्वच्छ भारत से बदली तस्वीर

लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से घर-घर शौचालय निर्माण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। गांवों और शहरों में स्वच्छता की स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

विधायक ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के साथ ही भविष्य में उन्हें आर्थिक रूप से और अधिक सक्षम बनाकर करोड़पति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ाना होगा।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। विकसित भारत का अर्थ ऐसा देश है, जहां पर्याप्त पानी और बिजली उपलब्ध हो, खाद्यान्न की कमी न हो, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, नागरिक स्वस्थ रहें और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। गांव-गांव स्वास्थ्य सर्वेक्षण के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य संबंधी विवरण एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि बीमारियों की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

सेवा संकल्प अभियान से जनभागीदारी को बढ़ावा

उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर से हुआ है, जिसका समापन 17 अक्टूबर को होगा। अभियान के तहत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सेवा ज्योति कलश यात्रा भी इसी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

लता उसेंडी ने कहा कि शासन द्वारा जहां भी जिम्मेदारी दी गई है, वहां पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने नागरिकों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने भी रखे विचार

पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक सफर के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रसेवा के प्रति उनके योगदान को स्मरण करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। भारत की वैश्विक मंच पर पहचान मजबूत हुई है और देश विकास एवं सहयोग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से पूरा होने वाला संकल्प है। शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।

जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, मनोज जैन, जितेंद्र सुराना, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत माकड़ी अध्यक्ष जुगबती पोयाम, उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी, अनीता नेताम, अनिल अग्रवाल, विजय पोया, नागेश देवांगन, प्रतोष त्रिपाठी, चंदन साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment