शासन की योजनाओं और सेवाओं का ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिला लाभ
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम जोंधरापदर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी शामिल हुईं। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 438 हितग्राही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित हुए।
ग्रामीणों को गांव के नजदीक मिल रही शासन की सुविधाएं
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में लगातार जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को गांव के नजदीक ही शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना, श्रम पंजीयन, नई सब्जी मंडी की स्वीकृति और विकसित भारत-जीरामजी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीणों, श्रमिकों और किसानों को आर्थिक एवं रोजगार संबंधी अवसर मिल रहे हैं।
22 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा
शिविर के दौरान विधायक सुश्री लता उसेंडी ने ग्राम जोंधरापदर में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपए तथा सोनाबेड़ा स्टापडेम के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। इस प्रकार गांव में कुल 22 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी गई।
कलेक्टर ने बताया शिविरों का उद्देश्य
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविरों से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर ग्रामीणों की जरूरतों और समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। इससे शासन की योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।
राजस्व विभाग ने 121 प्रभावितों को दी सहायता
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा अतिवृष्टि से मकान क्षति के 121 प्रभावितों को सहायता राशि प्रदान की गई। इसके अलावा 35 जाति प्रमाण पत्र, 25 निवास प्रमाण पत्र, 80 आय प्रमाण पत्र, 10 बी-1, 10 डिजिटल किसान किताब और 97 ग्रामीणों को स्वामित्व पत्र प्रदान किए गए।
स्वास्थ्य, आवास और मत्स्य विभाग की योजनाओं का मिला लाभ
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 06 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। मत्स्य पालन विभाग ने 02 हितग्राहियों को मत्स्याखेट के लिए जाल प्रदान किए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 06 हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।
लखपति दीदियों का सम्मान, पौधों का वितरण
बिहान की 10 लखपति दीदियों का सम्मान किया गया। उद्यान विभाग द्वारा 15 पौधे तथा वन विभाग द्वारा 08 पौधे वितरित किए गए। श्रम विभाग द्वारा 09 हितग्राहियों का श्रम पंजीयन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 02 गोदभराई और 02 अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए गए।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, श्री जितेंद्र सुराना, श्री चंदन साहू, श्री प्रेम सिंह नाग सहित जनपद सदस्य, सरपंचगण, अपर कलेक्टर श्री अजय उरांव, तहसीलदार श्री मनोज रावटे, जनपद पंचायत सीईओ श्री उत्तम महोबिया, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








