पशु क्रूरता रोकने जागरूकता पर बल
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पशुओं की सुरक्षा, संरक्षण और पशु क्रूरता की रोकथाम से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पशु प्रेमियों को साझा मंच से जोड़ने की पहल
कलेक्टर ने पशु प्रेमियों एवं पशु कल्याण से जुड़े लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से पशुओं की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए प्रभावी गतिविधियां संचालित की जा सकती हैं।
खुले में मवेशी छोड़ने पर जागरूकता
बैठक में पशुपालकों को अपने मवेशियों को खुले में नहीं छोड़ने के लिए प्रेरित करने हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई। साथ ही सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर विचरण करने वाले मवेशियों को हटाने के लिए नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विभागीय समन्वय से होंगे प्रयास
बैठक में पशुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार, उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभागीय समन्वय से आवश्यक गतिविधियां संचालित करने पर भी चर्चा की गई।
अधिकारी और समिति सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री अजय उरांव, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति के सचिव एवं उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. सुरेन्द्र नाग, उप सचिव एवं अतिरिक्त उप संचालक श्री नरोत्तम चन्द्राकर, समिति सदस्य श्रीमती वेदेश्वरी शर्मा एवं श्री यतीन्द्र सलाम, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सचिन गुप्ता तथा पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ डॉ. आरती मर्सकोले, डॉ. सरिता सिंह एवं डॉ. दीपिका सिदार उपस्थित रहे।








