पालतू स्वान, बिल्लियों और गौवंशीय पशुओं का हुआ टीकाकरण
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं रायपुर के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर जिला कोण्डागांव के मार्गदर्शन में विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय पशु चिकित्सालयों में निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों का उद्देश्य पशुओं को रेबीज जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के साथ पशुपालकों को इसके प्रति जागरूक करना रहा।
131 से अधिक पशुओं का टीकाकरण
आयोजित शिविरों में कुल 93 पालतू स्वान, 23 पालतू बिल्लियों एवं 15 गौवंशीय पशुओं का निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण किया गया। पशुपालकों ने शिविरों में पहुंचकर अपने पालतू पशुओं का टीकाकरण कराया।
पशुपालकों को दी गई आवश्यक जानकारी
शिविर के दौरान पशुपालकों को रेबीज रोग से बचाव, इसके प्रमुख लक्षण तथा पशुओं के नियमित टीकाकरण के महत्व के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने पशुपालकों को पशुओं की नियमित देखभाल एवं समय-समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया।
काटने या संदिग्ध संपर्क पर तत्काल सलाह की अपील
पशुपालकों से अपील की गई कि वे अपने पालतू पशुओं का निर्धारित समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। साथ ही, पशु के काटने अथवा किसी संदिग्ध संपर्क की स्थिति में लापरवाही न बरतते हुए तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें।








