Buy Advt. Space

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर आयोजित

By

जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य: प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को कोण्डागांव के डोंगरीपारा में ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर अभियान

प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन और हर घर जल सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसान, महिला, गरीब एवं अन्य वर्गों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

जनभागीदारी को मजबूत कर रहा सेवा संकल्प अभियान

बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उनमें रचनात्मकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण एवं समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। रक्तदान सहित विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। जिले में ‘लखपति दीदी’ अभियान के तहत कई महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं के योगदान की सराहना की।

कोसारटेडा जलाशय से पेयजल आपूर्ति योजना पर कार्य

विधायक ने बताया कि अमृत मिशन के तहत कोण्डागांव शहर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए कोसारटेडा जलाशय से पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति की योजना पर कार्य किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने से शहरवासियों को दीर्घकालीन पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

शिविरों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी

नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना तथा श्रमिक कल्याण की योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आजीविका से संबंधित योजनाओं का लाभ उपलब्ध है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत किया गया पौधरोपण

कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने स्वागत उद्बोधन में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, सांसद श्री महेश कश्यप और विधायक सुश्री लता उसेंडी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।

विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राही हुए लाभान्वित

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत 2 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये तथा मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 3 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

स्वामित्व योजना के अंतर्गत 8 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 8 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसिकल प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 6 बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र तथा 11 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।

शिक्षा विभाग द्वारा 15 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए 5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया तथा सक्षम योजना के तहत 2 हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, श्री मनोज जैन, श्री जितेन्द्र सुराना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, श्री नंद लाल राठौर, श्री नागेश देवांगन सहित पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री अजय उरांव सहित अन्य अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment