Buy Advt. Space

योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की कलेक्टर ने की समीक्षा

By

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ गतिविधियों के आयोजन को लेकर दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, जनसमस्याओं के निराकरण और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

‘सेवा मेरा योगदान’ गतिविधियों की तैयारियों के निर्देश

कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाली आगामी गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बुधवार को प्रस्तावित वृक्षारोपण, जिला स्तरीय शिविर सहित अन्य कार्यक्रमों के सुचारू एवं गरिमामय आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बस्तर मुन्ने पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी विभागों को ‘बस्तर मुन्ने’ पोर्टल पर अपनी विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की अद्यतन जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और सीपीग्राम में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

संस्थानों में सुरक्षा मानकों की जांच पर जोर

जिले के विभिन्न शैक्षणिक एवं कोचिंग संस्थानों के भवनों में फायर सेफ्टी सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अधिकारियों को आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर प्रत्येक माह कम से कम एक विषय का ऑनलाइन कोर्स पूरा करने और इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राशन वितरण और निर्माण कार्यों की समीक्षा

खाद्य विभाग को जिले के सभी उचित मूल्य दुकानों तक समय पर राशन सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए गए, ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर ने कोण्डागांव में अमृत मिशन के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने को कहा।

इसके साथ ही स्वास्थ्य केन्द्रों, महतारी सदन, पंजीयन कार्यालय सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

टीबी जांच और आयुष्मान कार्ड पर विशेष जोर

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने टीबी जांच में तेजी लाने और चिन्हांकित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शेष नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य भी शीघ्र पूरा करने को कहा। रोजगार अधिकारी को जिले में प्रत्येक माह रोजगार मेला आयोजित करने के निर्देश दिए।

विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा

बैठक में एग्रीस्टैक पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, श्रम पंजीयन और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम कोण्डागांव श्री अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment