Buy Advt. Space

सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

By

विद्यार्थियों ने चित्रकला और भाषण के माध्यम से दिखाई प्रतिभा, विधायक लता उसेंडी ने किया उत्साहवर्धन

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ पहल के तहत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोण्डागांव में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनप्रतिनिधि एवं शिक्षकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। चित्रकला प्रतियोगिता का विषय ‘विकसित भारत’ रखा गया, जबकि भाषण प्रतियोगिता में ‘नारी सशक्तिकरण’, ‘नक्सल उन्मूलन’ एवं ‘नशामुक्त भारत’ जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे।

युवाओं की भागीदारी से साकार होगा विकसित भारत

विधायक सुश्री लता उसेंडी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए डीबीटी जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण जैसे कार्यों में भागीदारी निभाने की अपील की।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं एवं समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने और राष्ट्र के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों ने नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश

नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर यह प्रतियोगिता आयोजित की गई।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। भाषण प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और इच्छाशक्ति मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की।

भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रखे विचार

भाषण प्रतियोगिता में कुमारी निधि यादव ने ‘नारी सशक्तिकरण’ विषय पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही महिलाओं का उल्लेख करते हुए नारी शक्ति की भूमिका प्रस्तुत की। हरीश कश्यप ने ‘नशामुक्त भारत अभियान’ पर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

कुमारी अंकिता निषाद ने ‘नक्सलमुक्त बस्तर’ विषय पर बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और नक्सलमुक्त होने के बाद विकास की संभावनाओं पर विचार रखे। वहीं कुमारी बुसरा परवीन ने अंग्रेजी में ‘नारी सशक्तिकरण’ विषय पर भाषण प्रस्तुत किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान

चित्रकला प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में कक्षा 7वीं के आजाद ने प्रथम, कक्षा 8वीं के जितेन्द्र ने द्वितीय और कक्षा 6वीं के प्रकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 11वीं की मनीषा एवं संध्या ने प्रथम, कक्षा 12वीं के शिवा नेताम ने द्वितीय तथा कक्षा 10वीं के रितिक कोर्राम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

भाषण प्रतियोगिता के विजेता

भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं की कुमारी निधि यादव ने प्रथम, कक्षा 12वीं की कुमारी अंकिता निषाद ने द्वितीय तथा कक्षा 12वीं की कुमारी बुसरा परवीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

देशभक्ति गीत से बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

प्रभारी प्राचार्य श्रीमती शांति कौशल ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। सेवानिवृत्त शिक्षक श्री टंकेश्वर पाणिग्रही ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्री यूसुफ शेख ने किया। इस अवसर पर श्री संतोष पात्रे, डीएमसी श्री ईमल बघेल, श्री डीएस पोटाई, खंड शिक्षा अधिकारी, वरिष्ठ व्याख्याता श्री राधेश्याम मांझी, श्री हरिशंकर नेताम, श्री धर्मेन्द्र, सी.एस.ई. श्री शिवचरण मंडावी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment