समय-सीमा की बैठक में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर दिए निर्देश
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित समय-सीमा की बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
गतिविधियों की तिथिवार जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों के लिए चिन्हांकित स्थानों और कार्यक्रमों की तिथिवार जानकारी सभी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने को कहा।
बस्तर ओलंपिक के पंजीयन की तैयारियों पर जोर
बैठक में आगामी बस्तर ओलंपिक के आयोजन को लेकर पंजीयन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पंजीयन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
आईगॉट कर्मयोगी में अनिवार्य ऑनलाइन कोर्स करने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिमाह कम से कम एक विषय पर ऑनलाइन कोर्स अनिवार्य रूप से पूरा करें।
मत्स्य पालकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
मत्स्य पालन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मत्स्य पालकों की समितियों के गठन की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित अन्य विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र मत्स्य पालकों तक पहुंचाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
एग्रीस्टैक और किसान योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में एग्रीस्टैक पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और श्रम पंजीयन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी हुई चर्चा
कलेक्टर ने जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की भी विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित समयसीमा में कार्यों को गुणवत्तापूर्वक पूरा करने तथा आवश्यकतानुसार विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम कोंडागांव अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








