Buy Advt. Space

सेवा संकल्प अभियान: 1.11 लाख दीपों से जगमगाएगा कोंडागांव

By

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ का भव्य आयोजन, जिलेभर में एक साथ होगा दीप प्रज्ज्वलन

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांवकोंडागांव, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कोंडागांव जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेना है। अभियान के तहत 12 प्रमुख पहलों के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनभागीदारी, नवाचार और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

17 सितंबर को 1.11 लाख दीपों से रोशन होगा जिला

अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके तहत जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, प्रमुख पर्यटन स्थलों, महतारी सदन, अटल डिजिटल केंद्र, प्रधानमंत्री आवास, अमृत सरोवर, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, आश्रम-छात्रावासों और शासकीय कार्यालयों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

जिले में लगभग 1 लाख 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। शहीद स्मारकों, प्रतिमा स्थलों और सुरक्षा कैंपों में भी दीप जलाए जाएंगे। पूर्व में बड़ी माओवादी घटनाओं से प्रभावित रहे तथा उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले गांवों को भी विशेष रूप से अभियान से जोड़ा जाएगा।

‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ से मिलेगी सेवा की प्रेरणा

17 से 21 सितंबर तक ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा और समर्पण की प्रेरक कहानियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। इसी दौरान ‘सेवा की कहानी’ पहल के तहत क्लस्टर, जिला और राज्य स्तर पर सेवा से जुड़ी प्रेरक कहानियों को सामने लाया जाएगा।

‘मेरे सपनों का भारत’ से जुड़ेंगे विद्यार्थी और युवा

18 एवं 19 सितंबर, 28 सितंबर, 1 अक्टूबर और 3 अक्टूबर को ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के तहत चित्र एवं आलेख प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को विकसित भारत की कल्पना एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ा जाएगा।

सेवा कार्यों में बढ़ेगी जनभागीदारी

23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के माध्यम से नागरिकों एवं विभिन्न संस्थाओं को सेवा कार्यों से जोड़ा जाएगा। वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में सामुदायिक सहभागिता, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़ी गतिविधियां होंगी।

29 सितंबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को आभार और संकल्प की भावना से जोड़ा जाएगा।

‘सेवा सेतु अभियान’ के जरिए सरकार पहुंचेगी लोगों के द्वार

1 से 7 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप विकासखंड एवं विधानसभा स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

वहीं ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के माध्यम से सेवा एवं संकल्प का संदेश राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

नवाचार और जल संरक्षण पर भी रहेगा जोर

7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ आयोजित होगी, जिसके माध्यम से विकसित भारत के संकल्प का संदेश गांव, जिला और राज्य स्तर तक पहुंचाया जाएगा। 9 अक्टूबर को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत पांच क्षेत्रीय केंद्रों में नवाचार संबंधी गतिविधियां आयोजित होंगी। इसका उद्देश्य युवाओं में समाधान आधारित सोच को बढ़ावा देना है।

अभियान की पूरी अवधि में ‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत जल संरक्षण और जल संसाधनों के प्रति जनजागरूकता एवं सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।

17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा समापन

सेवा संकल्प अभियान का समापन 17 अक्टूबर 2026 को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। ‘जनकल्याण का महामंच, पंचायत से संसद तक’ की अवधारणा पर आधारित इस कार्यक्रम में सुशासन, जनकल्याण और सेवा से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा।

विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों की होगी भागीदारी

अभियान के तहत विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों को जोड़ा जाएगा। विभिन्न विभागों को कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आवश्यक समन्वय एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत एक साथ प्रज्ज्वलित होने वाले 1 लाख 11 हजार दीप कोंडागांव जिले की एकजुटता, सेवा और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक बनेंगे।

Leave a Comment