Buy Advt. Space

चमोली हादसे के प्रभावित परिवारों को 28 लाख की आर्थिक सहायता

By

विधायक लता उसेंडी ने मृत श्रमिकों के परिजनों और घायलों को सौंपी सहायता राशि

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव,उत्तराखण्ड के चमोली जिले में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने से हुई दुर्घटना में कोण्डागांव जिले के प्रभावित श्रमिकों के परिवारों को राज्य शासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल के तहत सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने प्रभावित परिवारों को सहायता राशि प्रदान की।

तीन मृत श्रमिकों के परिवारों को 27 लाख रुपये

दुर्घटना में जिले के तीन श्रमिकों की मृत्यु हुई थी। उनके परिजनों को 9-9 लाख रुपये, यानी कुल 27 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वहीं, हादसे में घायल हुए दो श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये, कुल 1 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।

इस प्रकार मृत श्रमिकों के परिजनों और घायल श्रमिकों को मिलाकर कुल 28 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसमें मुख्यमंत्री सहायता कोष से 16 लाख रुपये तथा उत्तराखण्ड शासन से प्राप्त 12 लाख रुपये शामिल हैं।

प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार : लता उसेंडी

सहायता राशि प्रदान करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ‘विकसित भारत–जी राम जी’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर गांव में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीविकोपार्जन के लिए रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने से बचने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है।

प्रशासन प्रभावित परिवारों को देगा हरसंभव सहयोग

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि चमोली हादसे से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राज्य शासन और जिला प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के साथ राज्य शासन और विधायक सुश्री लता उसेंडी खड़े हैं। जिला प्रशासन द्वारा परिवारों को आवश्यक सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, अपर कलेक्टर एवं कोण्डागांव एसडीएम श्री अजय उरांव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा, नायब तहसीलदार श्री नरेंद्र सिंह सहित श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment