Buy Advt. Space

तितना में शासकीय उद्यान रोपणी के लिए प्रस्तावित भूमि का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

By

4.5 हेक्टेयर भूमि पर नर्सरी स्थापना की तैयारी, स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, 13 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने माकड़ी विकासखंड के ग्राम तितना में शासकीय उद्यान रोपणी के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने तथा निर्माण एवं विकास कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत नर्सरी स्थापना के निर्देश

कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजनांतर्गत नर्सरी की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित 4.5 हेक्टेयर भूमि पर फलदार पौधों के रोपण के लिए नर्सरी विकसित करने की योजना है।

उन्होंने विकसित भारत-जी राम जी के तहत फलदार पौधों के रोपण के लिए नर्सरी स्थापना कार्य को जल्द स्वीकृत कराने और इसके माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

युवाओं को माली प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने पर जोर

कलेक्टर ने गांव के लोगों के साथ बैठक आयोजित कर स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीणों को माली का प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नर्सरी के संचालन में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होने से उन्हें रोजगार के स्थायी अवसर मिल सकेंगे।

निर्माणाधीन कॉलेज और स्कूल भवनों का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने माकड़ी क्षेत्र में विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति भी देखी। उन्होंने शासकीय महाविद्यालय माकड़ी के निर्माणाधीन भवन एवं ग्रंथालय भवन का निरीक्षण कर कार्य की स्थिति की जानकारी ली।

इसके बाद ग्राम रांधना में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कोटवेल में विद्युत उपकेंद्र के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण

कलेक्टर ने ग्राम कोटवेल में विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के लिए प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत, वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उद्यानिकी विभाग की सहायक संचालक श्रीमती करुणा कश्यप, सहायक उद्यानिकी अधिकारी श्री लोकेश्वर ध्रुव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment