Buy Advt. Space

अधिवक्ताओं के साथ कोण्डागांव पुलिस का साइबर जागृति अभियान

By

एसपी पंकज चन्द्रा ने साइबर ठगी से बचाव के बताए व्यावहारिक उपाय

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति समाज के हर वर्ग को जागरूक करने के उद्देश्य से कोण्डागांव पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति अभियान’ लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा, IPS के मार्गदर्शन में कोण्डागांव अधिवक्ता संघ के माध्यम से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा ने अधिवक्ताओं को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी और साइबर ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।

फर्जी KYC, OTP और डिजिटल अरेस्ट से रहें सावधान

एसपी ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। फर्जी KYC अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर फोन करना, OTP एवं UPI PIN मांगना, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, डिजिटल अरेस्ट और निवेश के नाम पर ठगी जैसे मामलों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

उन्होंने अधिवक्ताओं से कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपना OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक या फाइल को बिना सत्यापन के खोलने से भी बचना चाहिए।

साइबर जागरूकता क्विज में अधिवक्ताओं ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम को रोचक और सहभागी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिवक्ताओं से साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े क्विज प्रश्न पूछे। अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया और साइबर सुरक्षा से संबंधित सवालों के जवाब दिए।

क्विज में सही जवाब देने वाले अधिवक्ताओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य प्रतियोगिता के साथ-साथ साइबर अपराधों के प्रति व्यवहारिक जागरूकता बढ़ाना और अधिवक्ताओं को साइबर सुरक्षा का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनाना था।

अधिवक्ताओं के माध्यम से आम नागरिकों तक पहुंचेगा जागरूकता संदेश

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अधिवक्ता समाज के महत्वपूर्ण और जागरूक वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके माध्यम से साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पुलिस, अधिवक्ता, बैंकिंग संस्थान, शिक्षण संस्थान और आम जनता के सामूहिक प्रयास से ही इसे प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने और अपने संपर्क में आने वाले लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाता है तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, ठगी की रकम को रोकने या वापस दिलाने की कार्रवाई की संभावना उतनी ही बेहतर रहती है।

कार्यक्रम के अंत में कोण्डागांव पुलिस ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाएं” का संदेश दिया।

कोण्डागांव पुलिस — हमेशा आपके साथ, आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प।

Leave a Comment