ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले के दूरस्थ ग्राम कोरगांव में 9 और 10 सितंबर को दो दिवसीय खेलकूद एवं जनसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों से सीधे जुड़ना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और शासन की विभिन्न सेवाओं को गांव तक पहुंचाना रहा।
खेलकूद प्रतियोगिताओं में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
दो दिवसीय आयोजन के दौरान वॉलीबॉल और कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कानागांव की टीम ने प्रथम और बिन्झे गांव की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
कबड्डी के फाइनल मुकाबले में कोरगांव (A) की टीम प्रथम तथा कोरगांव (B) की टीम द्वितीय रही। खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ प्रदर्शन किया, जिससे आयोजन स्थल पर रोमांच और उत्साह का माहौल बना रहा।
महिलाओं ने भी प्रतियोगिताओं में दिखाई भागीदारी
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए भी विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं ने मटका फोड़ और नींबू दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
गांव में पहुंचीं आधार, आयुष्मान और स्वास्थ्य सेवाएं
खेलकूद आयोजन के साथ जनसेवा शिविर भी लगाया गया। विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से कोरगांव और आसपास के ग्रामीणों को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, श्रम कार्ड और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया।
साइबर अपराध से बचाव के लिए किया जागरूक
शिविर के दौरान साइबर जागृति अभियान के तहत ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपायों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों और ग्रामीण प्रतिनिधियों को भी किया सम्मानित
कार्यक्रम में स्कूलों से पहुंचे बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए। वहीं ग्राम के सरपंच, पटेल, गायता और पुजारी को धोती-कुर्ता एवं साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों और विजेता टीमों को पुरस्कार एवं नगद राशि प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम, आरआई मनीष राजपूत, थाना प्रभारी ईरागांव नरेश सलाम, थाना प्रभारी धनोरा रामेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
दूरस्थ गांव में आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह
दूरस्थ क्षेत्र में पुलिस द्वारा खेलकूद, जनसेवा और जागरूकता से जुड़ा आयोजन किए जाने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए कोण्डागांव पुलिस का आभार जताया। कार्यक्रम के समापन के बाद उपस्थित सभी लोगों को सामूहिक रूप से भोजन कराया गया और उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।








