Buy Advt. Space

निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण के लिए INH हरिभूमि ने पूर्व सैनिक सेवा परिषद को किया सम्मानित

By

विकास नगर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान की गई ट्रॉफी, युवाओं को सेना में भर्ती के लिए मिल रहा निशुल्क प्रशिक्षण

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, विकास नगर स्टेडियम में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में INH हरिभूमि द्वारा अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोण्डागांव को ट्रॉफी प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पूर्व सैनिकों द्वारा जिले के युवाओं को निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देकर उनके भविष्य को संवारने तथा राष्ट्र निर्माण में किए जा रहे योगदान के लिए प्रदान किया गया।

चार ब्लॉकों में संचालित हो रहे निशुल्क प्रशिक्षण केंद्र

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा कोण्डागांव, फरसगांव, बड़ेराजपुर और केशकाल ब्लॉक में निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से क्षेत्र के सैकड़ों युवक-युवतियों को भारतीय सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए निशुल्क शारीरिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पूर्व सैनिकों के मार्गदर्शन में युवाओं को अनुशासन, शारीरिक दक्षता और सैन्य भर्ती की आवश्यक तैयारियों से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

वरिष्ठ पत्रकार जमील खान ने युवाओं को किया प्रेरित

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार जमील खान ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि परिषद द्वारा क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जो अत्यंत प्रशंसनीय है।

उन्होंने कहा कि कोण्डागांव जिले के पूर्व सैनिकों ने बस्तर के युवाओं को सशस्त्र बलों में भेजने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने युवाओं को पूर्व सैनिकों से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

‘पहले राष्ट्र, फिर समाज और अंत में स्वयं’ का दिया संदेश

जमील खान ने कहा कि एक सैनिक का ध्येय हमेशा ‘पहले राष्ट्र, फिर समाज और अंत में स्वयं’ होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से इस भावना को आत्मसात कर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के साथ युवाओं को सफलता अवश्य मिलेगी।

सम्मान के लिए परिषद ने INH हरिभूमि का जताया आभार

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोण्डागांव ने इस प्रोत्साहन एवं सम्मान के लिए INH हरिभूमि का हृदय से आभार व्यक्त किया। परिषद ने कहा कि इस प्रकार का सम्मान पूर्व सैनिकों के साथ-साथ सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं का भी उत्साह बढ़ाता है।

करीब 300 युवक-युवतियां रहे उपस्थित

कार्यक्रम में परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिलाध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजमेर लकड़ा, सदस्य श्रीकांत तिवारी, रतिराम सोरी, ढालेश साहू और राकेश धीवर सहित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे करीब 300 युवक-युवतियां उपस्थित रहे।

Leave a Comment