Buy Advt. Space

151 गुम मोबाइल बरामद, 35 लाख की संपत्ति नागरिकों को लौटाई

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, कोण्डागांव पुलिस ने गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी माध्यमों की मदद से 151 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए।

तकनीकी टीम ने अलग-अलग जिलों और राज्यों से खोजे मोबाइल

पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा, IPS के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस की तकनीकी टीम ने लगातार मोबाइल फोन को ट्रेस करने का प्रयास किया। तकनीकी माध्यमों से मोबाइल के उपयोग एवं लोकेशन की जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान कई मोबाइल फोन छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ सीमावर्ती राज्यों में उपयोग किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद संबंधित स्थानों पर समन्वय स्थापित कर पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद किए।

लंबे समय बाद मोबाइल मिलने पर नागरिकों के चेहरे खिले

बरामद किए गए 151 मोबाइल फोन पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा द्वारा उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने खुशी जाहिर की और कोण्डागांव पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।

साइबर ठगी से बचने पुलिस ने किया जागरूक

मोबाइल वितरण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की।

उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा फर्जी KYC अपडेट, बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, कस्टमर केयर और डिजिटल अरेस्ट जैसी ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी।

साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का प्रभावी उपाय है। उन्होंने अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें और नजदीकी पुलिस थाने को भी सूचना दें।

मोबाइल गुम होने पर पुलिस को दें तत्काल सूचना

कोण्डागांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही मोबाइल का IMEI नंबर और खरीदी का बिल सुरक्षित रखें। पुलिस के अनुसार मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए, क्योंकि तकनीकी टीम उपलब्ध जानकारी के आधार पर मोबाइल को ट्रेस करने का लगातार प्रयास करती है।

कोण्डागांव पुलिस — हमेशा आपके साथ, आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प।

Leave a Comment