पुंगारपाल में पुलिस और ग्रामीणों ने मनाया “साइबर सुरक्षा बंधन”, करीब 600 रक्षा सूत्र बांधे गए
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, रक्षाबंधन के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत कोण्डागांव पुलिस द्वारा ग्राम पुंगारपाल में विशेष “साइबर रक्षा सूत्र” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास, अपनत्व एवं भाईचारे की भावना देखने को मिली। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधी, वहीं पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने का संदेश देते हुए “साइबर रक्षा सूत्र” बांधा।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच मजबूत हुआ विश्वास
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव श्री पंकज चन्द्रा, IPS सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा, डीएसपी श्री नरेन्द्र पुजारी, डीएसपी श्री सिद्धार्थ बघेल, थाना प्रभारी पुंगारपाल टीआई मणी राजवाड़े, रक्षित निरीक्षक श्री मनीष राजपूत सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्राम के पटेल, सरपंच, पुजारी, गायत, सिरहा, गुनिया एवं ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति विश्वास और अपनत्व व्यक्त किया। वहीं महिला पुलिसकर्मियों ने ग्रामीण महिलाओं एवं ग्रामजनों को रक्षा सूत्र बांधकर डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में लगभग 600 साइबर रक्षा सूत्र बांधे गए।
सकारात्मक माहौल में बढ़ी पुलिस-जनता की नजदीकी
नक्सलवाद की समाप्ति के बाद क्षेत्र में बने सकारात्मक वातावरण के बीच ग्रामीणों द्वारा जवानों को राखी बांधना पुलिस और जनता के बीच बढ़ते विश्वास एवं मजबूत होते संबंधों का प्रतीक रहा। इस अवसर पर ग्राम के पटेल, पुजारी एवं सरपंच को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने भी पुलिस स्टाफ को उपहार देकर सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बच्चों को चॉकलेट एवं उपहार वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा, IPS ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके भविष्य के बारे में पूछा और उन्हें नियमित पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
करीब 500 ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान करीब 500 ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। ग्रामीणों को OTP, UPI PIN और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी कॉल से सतर्क रहने तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल सतर्क होकर उचित माध्यम से शिकायत करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
साइबर जागरूकता संदेश के साथ ली सेल्फी
कार्यक्रम के दौरान साइबर जागरूकता अभियान से संबंधित QR कोड के साथ ग्रामीणों एवं पुलिसकर्मियों ने सेल्फी और ग्रुप फोटो भी लिए। इससे साइबर सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
पुलिस एवं ग्रामीणों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई, जिससे कार्यक्रम में आत्मीयता, भाईचारे और आपसी विश्वास का माहौल और मजबूत हुआ।
“जागरूकता की राखी” बांधने की अपील
कोण्डागांव पुलिस ने रक्षाबंधन के अवसर पर जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि रिश्तों की सुरक्षा के साथ डिजिटल सुरक्षा का भी संकल्प लें। “जागरूकता की राखी” बांधकर अपने परिवार और गांव को साइबर अपराधों से सुरक्षित बनाने में योगदान दें।
कोण्डागांव पुलिस — साइबर जागृति अभियान








