Buy Advt. Space

महतारी वंदन योजना से बेटी के भविष्य को संवार रही भानमती

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, राज्य शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य के लिए भी बचत कर पा रही हैं।

बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए कर रही बचत

कोण्डागांव जिले के ग्राम बड़ेकनेरा निवासी भानमती बघेल के लिए महतारी वंदन योजना आर्थिक मजबूती और आत्मविश्वास का आधार बनी है। भानमती बताती हैं कि योजना से हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि को वह अपनी तीन वर्षीय बेटी देवांशी बघेल के भविष्य के लिए सुरक्षित कर रही हैं।

उनका कहना है कि आज की छोटी-सी बचत आने वाले समय में बेटी की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए बड़ा सहारा बनेगी।

परिवार की जरूरतों के साथ भविष्य की भी चिंता

भानमती ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने उन्हें परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ बेटी के भविष्य के लिए नियमित रूप से बचत करने का अवसर दिया है। इससे उनके भीतर आर्थिक आत्मनिर्भरता और भविष्य को लेकर विश्वास भी बढ़ा है।

उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य शासन द्वारा संचालित इस योजना के प्रति आभार व्यक्त किया।

रक्षाबंधन पर जताया शासन के प्रति आभार

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भानमती ने कहा कि “विष्णु भईया” द्वारा महिलाओं को दी जा रही महतारी वंदन योजना की राशि भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह और विश्वास को और मजबूत करने का माध्यम बन रही है।

भानमती के लिए यह सहायता राशि केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि अपनी बेटी के सुरक्षित, शिक्षित और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी है।

Leave a Comment