ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, थाना अनंतपुर पुलिस ने दीगर राज्य ओडिशा से छत्तीसगढ़ में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20.700 लीटर अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत 6,180 रुपये है, तथा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी कीमत 1 लाख रुपये जप्त की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी
जिले में अवैध शराब की तस्करी एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 08 अगस्त को थाना अनंतपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लाल-काली रंग की स्कूटी क्रमांक CG 27 T 2206 में दो व्यक्ति ओडिशा के उमरकोट की ओर से अंग्रेजी शराब लेकर अमरावती-बीजापुर की ओर जा रहे हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति लेकर पुलिस टीम ने एसएच-26 पर अनंतपुर से बीजापुर के मध्य जंगल क्षेत्र के पास नाकाबंदी की।
स्कूटी रोककर तलाशी लेने पर मिला शराब का जखीरा
नाकाबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और स्कूटी क्रमांक के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर नियमानुसार दोनों संदिग्धों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बीयर एवं पव्वा सहित कुल 20.700 लीटर ओडिशा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी शराब को बिक्री के उद्देश्य से ओडिशा से छत्तीसगढ़ ला रहे थे। मौके पर गवाहों की मौजूदगी में शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को विधिवत जप्त किया गया।
दोनों आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गीनुराम मरकाम (24 वर्ष), पिता बालसाय मरकाम तथा करन मरकाम (20 वर्ष), पिता स्व. जयलाल मरकाम, दोनों निवासी ग्राम सितली, थाना व जिला कोण्डागांव के रूप में हुई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती स्निग्धा सिंह (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी श्री विकासचंद्र राय के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम का रहा सराहनीय योगदान
कार्रवाई में निरीक्षक विकासचंद राय, सउनि. रामरतन मरकाम, प्र.आर. 236 भूपेन्द्र मरकाम, प्र.आर. 349 श्यामसिंह मरकाम, आर. 813 चेतन मरकाम, आर. 876 दीनदयाल सोनवानी एवं आर. 955 मनराज वट्टी का सक्रिय एवं सराहनीय योगदान रहा।








