ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव,जिले के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), कोंडागांव द्वारा 30 दिवसीय निःशुल्क मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण अगले एक सप्ताह के भीतर शुरू होने की संभावना है, जिसके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
प्रशिक्षण के दौरान मिलेगी निःशुल्क सुविधा
संस्थान की ओर से चयनित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण अवधि में आवास, भोजन और प्रशिक्षण से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को मोबाइल रिपेयरिंग का व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
18 से 50 वर्ष के युवा कर सकते हैं आवेदन
प्रशिक्षण में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष आवेदन कर सकते हैं। सीमित सीटों के कारण प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन के समय आधार कार्ड, राशन कार्ड, शैक्षणिक अंकसूची, बैंक पासबुक, पैन कार्ड तथा पासपोर्ट आकार के पांच नवीन फोटो की स्व-प्रमाणित प्रतियां जमा करनी होंगी। सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अभ्यर्थी एसबीआई आरसेटी कार्यालय, कोंडागांव में पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए करें संपर्क
प्रशिक्षण, पाठ्यक्रम या पंजीयन प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी एसबीआई आरसेटी के हेल्पलाइन नंबर 7647086947 एवं 7974183998 पर संपर्क कर सकते हैं। यह प्रशिक्षण युवाओं को तकनीकी कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।








