Buy Advt. Space

मोदी सरकार के 12 वर्ष पर छायाचित्र प्रदर्शनी आकर्षण केंद्र

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांवकोंडागांव, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कोंडागांव में आयोजित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बंधा तालाब गार्डन के सामने 12 से 14 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

एलईडी स्क्रीन और छायाचित्रों के माध्यम से योजनाओं की प्रस्तुति

प्रदर्शनी में छायाचित्रों एवं एलईडी स्क्रीन के जरिए पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जा रहा है। नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य, लाभ और उनके प्रभाव की जानकारी सजीव तरीके से दी जा रही है।

लखपति दीदी से डिजिटल इंडिया तक योजनाओं की झलक

प्रदर्शनी में लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, विकसित भारत संकल्प सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई है। इन योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन में आए बदलावों को भी दर्शाया गया है।

वित्तीय समावेशन, आवास और स्वास्थ्य योजनाओं पर विशेष फोकस

प्रदर्शनी में वित्तीय समावेशन, आवास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी दी जा रही है।

आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना की उपलब्धियां भी प्रदर्शित

स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, आयुष्मान भारत योजना के जरिए स्वास्थ्य सुरक्षा तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने जैसे कार्यों को भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया है। इन योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भी रेखांकित किया गया है।

जनमन पत्रिका वितरण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन

प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित जनमन पत्रिका का वितरण किया जा रहा है। साथ ही शासकीय योजनाओं पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे नागरिकों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।

प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया जा रहा है कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Leave a Comment