Buy Advt. Space

सुशासन तिहार दिखावा, जनता के पैसों की बर्बादी: संजय करन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोण्डागांव के अध्यक्ष संजय करन ने प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे पूरी तरह दिखावटी आयोजन बताते हुए शासकीय राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

“जमीनी स्तर पर नहीं दिख रहा लाभ”

संजय करन ने बयान जारी कर कहा कि सरकार एक ओर सुशासन के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार जैसे आयोजनों में लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन इसका लाभ जनता को जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रहा।

“सरकारी प्रचार का माध्यम बन गया आयोजन”

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यह पूरा कार्यक्रम केवल सरकारी उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार और जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाने का माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि जिले में आज भी कई सड़कें जर्जर हालत में हैं और कई गांवों में पहुंच मार्ग तक नहीं है।

पेयजल, सफाई और बिजली व्यवस्था पर सवाल

संजय करन ने कहा कि शहरों में नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है, पेयजल संकट बना हुआ है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था लगातार प्रभावित रहती है। इसके बावजूद सरकार सुशासन का उत्सव मनाकर अपनी पीठ थपथपा रही है।

“स्थानीय समस्याओं के समाधान पर दे सरकार ध्यान”

उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में जनता के हित में कार्य करना चाहती है तो उसे सबसे पहले स्थानीय समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सुशासन तिहार के नाम पर अनावश्यक कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं में व्यस्त रखा जा रहा है, जिससे आम कामकाज प्रभावित हो रहा है।

जनहित में खर्च हो शासकीय धन

संजय करन ने कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं और प्रचार नहीं बल्कि धरातल पर विकास कार्य देखना चाहती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि शासकीय धन का उपयोग जनहित के कार्यों में किया जाए, न कि केवल आयोजन और प्रचार-प्रसार में।

कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों को लेकर आवाज उठाती रही है और आगे भी आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रहेगी। साथ ही प्रशासन से पारदर्शिता के साथ कार्य करने और जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की अपील की।

Leave a Comment