ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । कोंडागांव पुलिस को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए थाना परिसर में मोबाइल फोरेंसिक वाहन एवं डायल-112 सेवा के सात नए वाहनों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
सांसद महेश कश्यप बोले – विकास की नई दिशा में बढ़ रहा बस्तर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर सांसद ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध बस्तर लंबे समय तक माओवाद से प्रभावित रहा, लेकिन अब क्षेत्र तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के संकल्प से बस्तर माओवाद मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि डायल-112 और मोबाइल फोरेंसिक जैसी आधुनिक सुविधाएं पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाएंगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में मदद करेंगी। सांसद ने वर्ष 2030 तक बस्तर को देश का सबसे विकसित संभाग बनाने के लक्ष्य को दोहराया।
विधायक लता उसेंडी ने युवाओं में बढ़ते नशे पर जताई चिंता
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस डायल-112 सेवा कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज से युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित समाज के निर्माण में सभी नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।
केशकाल विधायक ने बताया सेवा को संवेदनशील और वैज्ञानिक
केशकाल विधायक ने कहा कि डायल-112 सेवा आमजन के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। समय पर सूचना मिलने से घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा वैज्ञानिक एवं संवेदनशील तरीके से कार्य करते हुए बेहतर समन्वय स्थापित करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक कानून व्यवस्था और तकनीकी संसाधनों के माध्यम से जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन रही है तथा डायल-112 सेवा साक्ष्य संकलन में भी सहायक होगी।
नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन, वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने डायल-112 नियंत्रण कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्र सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और नागरिक
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, श्री अनिल अग्रवाल, श्री कुलवंत सिंह चहल, श्री मनोज जैन, श्री जितेंद्र सुराना, श्री नागेश देवांगन, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, पार्षद सुश्री सोनामणी पोयाम, श्रीमती ईना श्रीवास्तव, श्री यतेंद्र सलाम सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।








