बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित राधिका विहार कॉलोनी के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पेड़ से पति-पत्नी का शव लटका मिला। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने शवों को पेड़ से लटका देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृत दंपत्ति की पहचान चाटीडीह निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की पड़ताल कर रही है।
बिलासपुर में सनसनी: पेड़ से लटका मिला पति-पत्नी का शव, जांच में जुटी पुलिस








