Buy Advt. Space

पं. रविशंकर शुक्ल की 68वीं पुण्यतिथि पर भिलाई में श्रद्धांजलि सभा

By

दुर्ग भिलाई। अविभाजित मध्य प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं दूरदर्शी जननेता पंडित रविशंकर शुक्ल की 68वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 31 दिसंबर 2025 को इस्पात नगरी भिलाई के सेक्टर-9 स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर प्रातः 10 बजे श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर भिलाई बिरादरी, कांग्रेसजन एवं आम नागरिक पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देंगे।

पं. रविशंकर शुक्ल का जन्म 2 अगस्त 1876 को सागर में हुआ था। उन्होंने राजनांदगांव, रायपुर, जबलपुर और नागपुर में शिक्षा प्राप्त की। युवावस्था में ही वे कांग्रेस आंदोलन से जुड़े और स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने अपने लगभग 50 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में शिक्षा, विकास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।

भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना में पं. शुक्ल की भूमिका ऐतिहासिक रही है। वे देश के श्रेष्ठ एकीकृत इस्पात संयंत्र भिलाई के प्रबल समर्थक और प्रणेता रहे।

यह श्रद्धांजलि सभा भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समूह, दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी, पं. रविशंकर शुक्ल सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति तथा कान्यकुब्ज सामाजिक चेतना मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।

समिति के महासचिव श्री मनोज मिश्रा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री मुकेश चंद्राकर ने भिलाई-दुर्ग के सभी गणमान्य नागरिकों, कांग्रेसजनों एवं आम जनता से श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर पं. रविशंकर शुक्ल को नमन करने की अपील की है।

Leave a Comment