दुर्ग/पाटन। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर अनुविभाग पाटन के अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर 29 से 31 दिसंबर 2025 तक तृतीय चरण के निश्चितकालीन काम बंद–कलम बंद आंदोलन की घोषणा की है। इसी क्रम में सोमवार को अनुविभागीय दंडाधिकारी पाटन को ज्ञापन सौंपा गया।
मोदी की गारंटी लागू कराने आंदोलन
फेडरेशन ने बताया कि केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता (DA), जुलाई 2019 से लंबित डीए एरियर्स को जीपीएफ में समायोजन, वेतन विसंगतियों का निराकरण, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना सहित समस्त सेवालाभ देने की मांग लंबे समय से लंबित है। इन मांगों को पूरा कराने के लिए तीन दिवसीय शांतिपूर्ण हड़ताल की जा रही है।
तीन दिन शासकीय कामकाज रहेगा प्रभावित
घोषित कार्यक्रम के अनुसार 29, 30 और 31 दिसंबर 2025 को अनुविभाग पाटन अंतर्गत सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला दुर्ग (झाडूराम देवांगन स्कूल, जीई रोड) के सामने हड़ताल पर रहेंगे, जिससे शासकीय कार्य प्रभावित रहने की संभावना है।
ज्ञापन सौंपते समय रहे पदाधिकारी उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान फेडरेशन के प्रांतीय प्रवक्ता ललित बिजौरा, संरक्षक टिकेंद्र वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी भानु प्रताप यादव, ब्लॉक संयोजक महेंद्र कुमार साहू, संभागीय महामंत्री चंचल द्विवेदी, पाटन ब्लॉक पेंशनर्स संघ अध्यक्ष हीरासिंह वर्मा सहित विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी मौजूद रहे।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज
कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने समय रहते मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया, तो भविष्य में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
भानु प्रताप यादव, जिला मीडिया प्रभारी, छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, दुर्ग








