दुर्ग। जिले की कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए गया नगर में चल रहे जुए के बड़े फड़ का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से कुल 39 जुआड़ियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जो ताशपत्ती से रुपए–पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। इस कार्रवाई को दुर्ग पुलिस की इस साल की सबसे बड़ी जुआ-विरोधी कार्रवाई माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि गया नगर, कोस्टा तालाब के पास भागवत देशमुख के घर में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही उप पुलिस अधीक्षक एलेक्जेंडर किरो के नेतृत्व में कोतवाली थाना एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर अचानक दबिश दी, जिसके बाद वहां मौजूद सभी जुआड़ियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने मौके से 9,25,200 रुपये नकद, 43 मोबाइल फोन और 4 ताश पत्तियों की गड्डियाँ ज़ब्त की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 4 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह फड़ पिछले कई दिनों से सक्रिय था और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर लोगों को आकर्षित कर रहा था। मुखबिर की पुष्टि के बाद तत्काल रेड की योजना बनाई गई ताकि किसी भी आरोपी को भागने का मौका न मिले। पुलिस टीम की तत्परता और सटीक योजना के कारण सभी 39 जुआड़ी दबोचे गए।
गिरफ्तार आरोपियों में दुर्ग, भिलाई, पद्मनाभपुर, मोहन नगर, पुलगांव, अर्जुदा और आसपास के अन्य क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। सूची में 19 वर्ष से लेकर 63 वर्ष तक के व्यक्ति शामिल हैं, जिनमें क्षेत्र का निवासी भागवत देशमुख (63) भी शामिल है, जिसके घर में यह जुआ फड़ संचालित हो रहा था।
पुलिस ने बताया कि जुआ की वजह से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों का खतरा बढ़ रहा था। कई स्थानीय लोग देर रात तक इस अवैध गतिविधि में शामिल होते थे, जिससे क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी बढ़ रहा था। लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने इस पूरे गिरोह पर शिकंजा कस दिया।
इस कार्रवाई से इलाके में एक मजबूत संदेश गया है कि जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
गया नगर में जुए का बड़ा सरगना, 39 आरोपी गिरफ्तार








