दुर्ग। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 64 दुर्ग शहर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा दो दिवसीय घर–घर अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 15 और 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से देर शाम तक चलाया जा रहा है, जिसमें निगम टीम और बीएलओ संयुक्त रूप से गणना पत्रक का वितरण एवं संकलन कर रहे हैं।
मतदाताओं की सुगमता को प्राथमिकता देते हुए कर्मचारी वार्ड–वार्ड जाकर नागरिकों को फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं और आवश्यक जानकारी समझाकर मौके पर ही दस्तावेजों सहित फॉर्म भरवाकर संकलित कर रहे हैं। नगर निगम के अनुसार इस बार मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को सख्ती से लागू किया गया है।
गणना पत्रक जमा करते समय नागरिकों के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की प्रति और जन्मतिथि/जन्मस्थान के लिए मान्य प्रमाण (निर्धारित 13 दस्तावेजों में से कोई एक) प्रस्तुत करना अनिवार्य रखा गया है।
मतदाता सूची को अंतिम रूप देने से पूर्व वर्ष 2003 की मतदाता सूची में मतदाता अथवा उसके माता–पिता के नाम का मिलान किया जाएगा। यदि नाम उपलब्ध नहीं होता है, तो नागरिकों को अतिरिक्त दस्तावेज देकर पात्रता की पुष्टि करनी होगी।
नगर निगम ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि 4 दिसंबर 2025 तक गणना पत्रकों का संकलन पूरी तरह करवाया जाए। इसके लिए अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी, निगरानी दल और दैनिक रिपोर्टिंग की व्यवस्था लागू की गई है।
निगम प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ और सर्वे टीम के आगमन पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएँ तथा मतदाता सूची को अद्यतन और पूर्ण बनाने में सहयोग प्रदान करें।
दुर्ग में विशेष अभियान, घर–घर जाकर मतदाता गणना पत्रक वितरण और संकलन शुरू








