Buy Advt. Space

दुर्ग रेंज पुलिस ने शुरू की नागरिक फीडबैक पहल ‘अनुभव’

By

दुर्ग। पुलिस और जनता के बीच संवाद व पारदर्शिता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से दुर्ग रेंज पुलिस ने एक अभिनव पहल ‘अनुभव’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत अब दुर्ग रेंज के सभी थानों और चौकियों में आने वाले नागरिक अपने अनुभव सीधे साझा कर सकेंगे। इसके लिए प्रत्येक थाना/चौकी में एक QR कोड प्रदर्शित किया गया है, जिसे स्कैन कर नागरिक ऑनलाइन फीडबैक फॉर्म भर सकते हैं।

इस पहल का शुभारंभ 08 नवम्बर 2025 को पुलिस कार्यालय बालोद के सभागार कक्ष में किया गया। पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम के निर्देशन एवं पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व में यह व्यवस्था शुरू की गई। लॉन्च कार्यक्रम में बताया गया कि नागरिकों द्वारा दिए गए सभी फीडबैक पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे, और नाम या मोबाइल नंबर देना वैकल्पिक होगा।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा — “जनता के अनुभव हमारी पुलिसिंग का आईना हैं। ‘अनुभव’ पहल हमें यह समझने में मदद करेगी कि हमारी सेवाएँ जनता की अपेक्षाओं पर कितनी खरी उतर रही हैं।” उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे ईमानदार और रचनात्मक फीडबैक देकर इस प्रयास को सफल बनाएं।

यह व्यवस्था सरगुजा रेंज पुलिस की सफल पहल से प्रेरित है। बालोद पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल ने इस QR कोड को डिजाइन किया है और इसे पुलिस सेवाओं में सुधार की दिशा में एक सार्थक कदम बताया।

कार्यक्रम में सीएसपी डॉ. चित्रा वर्मा, सीएसपी बोनीफास एक्का, डीएसपी माया शर्मा, थाना एवं चौकी प्रभारी, आईजी कार्यालय से उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय, आरक्षक अभिषेक यादव एवं पीआरओ प्रशांत कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।

Leave a Comment