Buy Advt. Space

उतई : पत्नी व परिवार पर प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

By



दुर्ग। उतई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पारिवारिक विवाद में पत्नी, सास और दादी पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी सनी झा उर्फ शिव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय पीड़िता श्वेता टंडन ने थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति सनी झा, जो मूलतः दिल्ली का रहने वाला है और वर्तमान में हथखोज पारा, उतई में रह रहा था, ने आपसी विवाद के दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर में रखे चाकू से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर चोटें पहुंचाई। बीच-बचाव करने आई पीड़िता की मां और दादी को भी आरोपी ने चाकू से घायल कर दिया।

पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को खोपली रोड से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से खून से सने कपड़े, घटना में प्रयुक्त चाकू एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। फिलहाल घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है और वे शंकराचार्य अस्पताल में उपचाररत हैं।

आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा 296, 351(3), 109 एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी महेश कुमार ध्रुव, उपनिरीक्षक प्रमोद सिन्हा एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment