दुर्ग। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम जेआरडी शासकीय बहुउद्देश्यीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य एस. संगीता नायर को स्कूल शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है।

प्राचार्य पर छात्रों के चोटी, तिलक और रक्षा सूत्र को लेकर धार्मिक आधार पर अनुचित टिप्पणी करने, परीक्षा कार्य में सहयोग न करने, सेवानिवृत्त व्याख्याता के अवकाश लेखा से संबंधित दस्तावेजों का निराकरण न करने और कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
इन कृत्यों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन और गंभीर कदाचार माना गया है। शिक्षा विभाग ने सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए नायर को निलंबित कर उनका मुख्यालय कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा संभाग) दुर्ग निर्धारित किया है।
निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।








