दुर्ग ! नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कुम्हारी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 क्विंटल 88 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही कंटेनर वाहन (कीमत करीब 25 लाख), उसमें भरा अन्य सामान (कीमत 51 लाख) और नकद राशि सहित कुल 1.53 करोड़ रुपये का माल मशरूका जप्त किया गया है।
ऐसे हुआ खुलासा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत 7 सितम्बर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कंटेनर वाहन क्रमांक NL01-AH-9524 में गांजा भरकर रायपुर से दुर्ग की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर कुम्हारी टोल प्लाजा में नाकेबंदी की गई और वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम उमेश यादव (46 वर्ष), निवासी मधुबनी, बिहार बताया।
पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि कंटेनर कोलकाता से गुजरात जा रहा था और बीच रास्ते में ओडिशा के देवघर क्षेत्र से राहुल नामक परिचित ने गांजा भरवाया था, जिसे नागपुर पहुंचाना था। चालक ने पूर्व में भी ऐसी एक खेप नागपुर पहुंचाने की बात कबूल की।
गांजा से भरे 13 बोरे बरामद
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कंटेनर की तलाशी ली गई। कंटेनर के पीछे हिस्से से 13 प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 388 पैकेट गांजा (प्रत्येक 1 किलो वजनी) रखा हुआ था। गांजा का कुल वजन 3 क्विंटल 88 किलो निकला।
नागपुर में दबिश, दो और आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी उमेश यादव की निशानदेही पर पुलिस की टीम नागपुर रवाना हुई। ट्रैप लगाकर गांजा खरीदी करने पहुंचे दो अन्य आरोपी मुस्ताक अहमद (34 वर्ष) और फयाज अंसारी (24 वर्ष), दोनों निवासी नागपुर, महाराष्ट्र को भी गिरफ्तार किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में अपराध क्रमांक 172/2025 धारा 20(B)iiC, 25, 27(a) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता : 3 क्विंटल 88 किलो गांजा जब्त तीन आरोपी गिरफ्तार








