
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर के कचहरी वार्ड में शनिवार देर रात एक चाइनीज दुकान पर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। जय हनुमान मुंबई वेज चाइनीज दुकान में खाना खाने को लेकर हुए झगड़े में आरोपी भूपेंद्र सागर ने अपने साथी शम्भू उड़िया के सिर पर सिलेंडर से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
विवाद से शुरू होकर हत्या तक पहुंचा मामला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी भूपेंद्र और मृतक शम्भू दुकान में खाना खाने आए थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। गुस्से में भूपेंद्र ने दुकान में रखा गैस सिलेंडर उठाकर शम्भू के सिर पर 3-4 बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से शम्भू की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी नशे का आदी
स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी भूपेंद्र नशे का आदी है और अक्सर विवाद करता रहता था। घटना के बाद दुकान के आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर खून बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने तुरंत पकड़ा आरोपी
दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि शनिवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। तुरंत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग टीम बनाई गई और महज एक घंटे के भीतर आरोपी भूपेंद्र सागर को गिरफ्तार कर लिया गया।
गणेश विसर्जन के दिन हुआ विवाद
सीएसपी ने बताया कि गणेश विसर्जन का दिन होने की वजह से आरोपी नशे की हालत में था। नशे में धुत होकर उसने गाली-गलौज शुरू की। इसी बात पर दोनों में बहसबाजी हुई और फिर झगड़ा बढ़ते-बढ़ते सिलेंडर से हमला कर हत्या तक जा पहुंचा।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।








