Buy Advt. Space

CG Weather: दुर्ग रायपुर-बिलासपुर में आज भारी बारिश, यलो-ऑरेंज अलर्ट

By



रायपुर।छत्तीसगढ़ में सितंबर की शुरुआत के साथ ही मानसून की गतिविधि फिर से तेज हो गई है। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के असर से रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में मंगलवार और बुधवार को जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है।

राजधानी में असर

मंगलवार को रायपुर शहर में जहां केवल बादलों की गड़गड़ाहट और हल्की बूंदाबांदी हुई, वहीं माना इलाके में घंटेभर में ढाई सेमी. तक पानी दर्ज किया गया। लालपुर में आधा सेमी. बरसात हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

बंगाल की खाड़ी से नया सिस्टम सक्रिय

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है, जो ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। इसका सीधा असर छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में देखा जा रहा है।

सोमवार को रायपुर के लालपुर में 3.5 सेमी. बारिश दर्ज हुई।

दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर के कई इलाकों में 5 से 13 सेमी. तक वर्षा रिकार्ड की गई।

मंगलवार को जगदलपुर, पेंड्रा और अंबिकापुर समेत कई स्टेशनों में भी अच्छी बारिश हुई।


किन जिलों में अलर्ट?

मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए कई जिलों को अलर्ट पर रखा है।

यलो अलर्ट : रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव, दंतेवाड़ा, बस्तर, बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा समेत 20 से ज्यादा जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की संभावना।

ऑरेंज अलर्ट : रायगढ़, कोरबा, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।


मौसम का मिजाज

पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 13 सेमी. बारिश नानगुर में दर्ज हुई, जबकि दंतेवाड़ा में 11 सेमी., छिंदगढ़ में 6 सेमी. और बीजापुर, गंगालूर व बालोद में 5-5 सेमी. पानी गिरा।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए घरों में सुरक्षित रहने की सलाह दी है।

Leave a Comment