दल्ली राजहरा से अंकित टाटिया की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ के दल्ली राजहरा नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 07 में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक अनोखी और सराहनीय पहल देखने को मिली। वार्ड 07 के भाजपा पार्षद बीरेंद्र कुमार साहू ने समाज में नई सोच और सकारात्मक परंपरा की नींव रखी।
उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 53 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की आरती कर उन्हें साड़ी भेंट की और साथ ही गोद भराई की परंपरा को समाज में सम्मान का रूप दिया। इस पहल से समाज में मातृत्व और महिला सशक्तिकरण को नई पहचान मिली।
पार्षद बीरेंद्र साहू ने कहा कि उन्हें इस प्रेरणा का स्रोत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाएं हैं। उन्होंने बताया कि “मां ही बच्चे की प्रथम शिक्षक होती है। ऐसे में मातृत्व को सम्मान देना ही सच्चे शिक्षक का आदर है।”
कार्यक्रम में हेमलता और जुमा मोहंती की गोद भराई की गई, जिससे महिलाओं और बहनों को सम्मान का अनुभव हुआ। इस मौके पर वार्ड नंबर 07 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लीलावती, नेहा, प्रदीप, दिव्यांश सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
साहू ने यह भी कहा कि समाज में सिर्फ गुरुओं ही नहीं, बल्कि हर उस महिला का सम्मान जरूरी है जो मातृत्व का दायित्व निभाती है। इसी सोच के तहत उन्होंने मांओं को भी साड़ी भेंट कर उनका सम्मान किया।
यह कार्यक्रम न केवल एक नई शुरुआत है बल्कि यह संदेश भी देता है कि समाज में शिक्षिका, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मातृत्व का योगदान अमूल्य है। वार्डवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे अन्य वार्डों और जिलों तक फैलाने की बात कही।
दल्ली राजहरा में हुई इस पहल से स्पष्ट है कि आने वाले समय में समाज में मातृत्व और शिक्षक दिवस को जोड़ते हुए महिला सम्मान की नई परंपराओं का मार्ग प्रशस्त होगा।
दल्ली राजहरा में नई परंपरा की शुरुआत – शिक्षक दिवस पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का सम्मान व गोद भराई








