Buy Advt. Space

छुरा CHC में 14 वर्षीय जिज्ञासा की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

By


पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। महज़ 14 वर्षीय जिज्ञासा की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद प्रशिक्षु डॉक्टर की लापरवाही और दवाइयों की ओवरडोज़ ही इस मासूम की मौत की असली वजह बनी।

जानकारी के मुताबिक, छुरा वार्ड नं. 12, झूलेलाल पारा निवासी जिज्ञासा (14) को 15 जुलाई 2025 की रात अचानक तेज पेट दर्द, गैस, सीने में जलन और पीठ में असहनीय दर्द की शिकायत हुई। परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, छुरा लेकर पहुँचे।

परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद प्रशिक्षु डॉक्टर अभिषेक ने बिना गंभीरता से जांच किए केवल प्राथमिक उपचार किया और मरीज को रायपुर रेफर कर दिया। इस दौरान डॉक्टर ने जो दवाइयाँ दीं, उस पर परिवार का कहना है कि “ओवरडोज़ दवा देने से ही हालत और बिगड़ गई।”

हालत गंभीर होने पर 16 जुलाई की रात करीब 3 बजे, जिज्ञासा को कुर्रा आयुष्मान हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है और लोग स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं – आखिर कब तक आमजन को स्वास्थ्य विभाग की लापरवाहियों की कीमत अपनी जान देकर चुकानी होगी?

Leave a Comment