ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने मंगलवार को जिला कार्यालय कोंडागांव में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए।
टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को सम्मान
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत चिखलपुट्टी, किवईबालेंगा और मालाकोट को टीबी मुक्त घोषित किए जाने पर संबंधित सरपंचों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और प्रभावी कार्यवाही का परिणाम मानी जा रही है।
हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। साथ ही रेडक्रॉस सोसायटी के 4 नए सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र भी दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत 5 लोगों को चश्मे वितरित किए गए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, सीएमएचओ डॉ. आर. के. चतुर्वेदी सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








