दुर्ग। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में से एक सूर्या ट्रेजर मॉल में उस समय हड़कंप मच गया जब फिल्म देखने आई एक महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई। विरोध करने पर न केवल महिला के पति और बेटे के साथ मारपीट की गई, बल्कि बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना 22 अक्टूबर 2025 की शाम की है। प्रार्थी महिला अपने पति और बेटे के साथ सूर्या ट्रेजर मॉल स्थित पीवीआर सिनेमा में फिल्म देखने गई थी। फिल्म के दौरान आरोपी सुजीत साव ने महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ की। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने रिश्तेदारों और साथियों को बुला लिया। इसके बाद सुजीत साव और उसके साथी महिला के पति और बेटे से गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। लेकिन आरोपी पक्ष ने पुलिस की बात नहीं मानी और पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान पुलिस के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया और मामला दर्ज किया।
थाना सुपेला चौकी स्मृति नगर में प्रार्थी महिला की रिपोर्ट पर दो अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए गए। पहला अपराध क्रमांक 1273/2025 धारा 74, 121, 191, 351(3), 115(2), 221, 132 बीएनएस के तहत महिला से छेड़छाड़ और मारपीट से संबंधित है, जबकि दूसरा अपराध क्रमांक 1275/2025 धारा 121, 221, 132, 191 बीएनएस के तहत पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने से जुड़ा है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार यादव और स्मृति नगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक गुरूविन्दर सिंह संधु ने तत्काल टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में —
1. सुजीत साव, पिता शारदा प्रसाद, उम्र 49 वर्ष, निवासी दुर्ग रोड कोहका।
2. सुजीत कुमार, पिता मकसुधन साव, उम्र 32 वर्ष, निवासी सनातन नगर, सिन्हा भवन के पास।
3. शिवपूजन कुमार, पिता दिलीप साव, उम्र 20 वर्ष, निवासी सनातन नगर, सिन्हा भवन के पास।
4. सागर साव, पिता जगदीश प्रसाद, उम्र 29 वर्ष, निवासी भाठापारा, कोहका।
5. जिगर साव, पिता जगदीश प्रसाद, उम्र 28 वर्ष, निवासी भाठापारा, कोहका।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार किया। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
इस पूरे प्रकरण में पुलिस अधिकारियों ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार यादव, उप निरीक्षक गुरूविन्दर सिंह संधु, प्रधान आरक्षक 134 जितेंद्र कुशवाहा, आरक्षक अनीकेत चंद्राकर, कमल नारायण, आशीष सिंह और सत्यानारायण सिन्हा की भूमिका सराहनीय रही।
स्मृति नगर क्षेत्र में हुई यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों की सोच में कब बदलाव आएगा। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता। यदि किसी विवाद की स्थिति बनती है, तो तुरंत पुलिस को सूचना देना चाहिए।
थाना सुपेला प्रभारी ने कहा कि किसी भी महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऐसी घटना की जानकारी तुरंत 112 या नजदीकी थाने में दें ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।
सूर्या मॉल में महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर पुलिस से भी मारपीट – 5 आरोपी गिरफ्तार








