ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार कृषि विभाग एवं सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक आवश्यक कृषि आदान पहुंचाए जा रहे हैं, जिससे खेती-किसानी की तैयारियां सुचारु रूप से चल रही हैं।
किसानों ने बताया—समय पर मिला खाद और बीज
सोनाबाल समिति पहुंचे किसान रामप्रसाद सेठिया ने बताया कि उन्हें खेती के लिए आवश्यक खाद और बीज समय पर प्राप्त हो गया है। वहीं सोनाबाल निवासी खुरसु राम कोर्राम ने भी बताया कि उन्हें समिति के माध्यम से निर्धारित मात्रा में यूरिया, डीएपी और एनपीके खाद उपलब्ध कराया गया है।
किसानों ने कहा कि कृषि विभाग और सहकारी समितियों की बेहतर व्यवस्थाओं के कारण खेती के लिए जरूरी सामग्री आसानी से मिल रही है, जिससे वे समय पर बोआई और अन्य कृषि कार्य कर सकेंगे।
जिले में खाद-बीज का पर्याप्त भंडार
कृषि विभाग के अनुसार जिले में किसानों की मांग के अनुरूप खाद एवं बीज का पर्याप्त भंडारण किया गया है। विभिन्न सहकारी समितियों के माध्यम से लगातार वितरण किया जा रहा है ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रमाणित बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित
बीज निगम कोण्डागांव द्वारा धान की उन्नत एवं प्रमाणित किस्मों के बीजों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। इसके अलावा हरी खाद को बढ़ावा देने के लिए ढैंचा और मूंग बीज भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज समय पर मिल सके।
नैनो उर्वरकों के उपयोग को मिल रहा बढ़ावा
कृषि विभाग किसानों को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इसी क्रम में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। विभागीय अधिकारी किसानों को इनके लाभों की जानकारी देकर प्रयोग के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कम लागत में बेहतर उत्पादन की उम्मीद
विशेषज्ञों के अनुसार नैनो उर्वरकों के उपयोग से कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति में सुधार होता है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। कृषि विभाग का मानना है कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।








