ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागाँव, पुलिस अधीक्षक कोंडागाँव श्री पंकज चंद्रा (भापुसे) की पहल पर शुरू की गई ‘सहयोग चौपाल’ अब ग्रामीण क्षेत्रों में विवादों और समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। इस पहल के तहत पुलिस और प्रशासन गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा आपसी विवादों का त्वरित निराकरण कर रहे हैं।
हाल ही में ग्राम मिरमिंडा में दो समुदायों के बीच चल रहे विवाद को सहयोग चौपाल के माध्यम से सुलझाया गया, जिससे गांव में सौहार्द और भाईचारे का माहौल स्थापित हुआ।
प्रशासन और जनता के बीच बढ़ेगी सहभागिता
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा ने ‘सहयोग चौपाल’ की शुरुआत इस उद्देश्य से की है कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं और विवादों के समाधान के लिए बार-बार विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें। चौपाल के माध्यम से प्रशासन सीधे गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और मौके पर ही समाधान का प्रयास कर रहा है।
इस पहल के तहत सीमांकन विवाद, आपसी मनमुटाव, लड़ाई-झगड़े, मुआवजा संबंधी मामले, विधिक परामर्श तथा अन्य सामाजिक मुद्दों का समाधान किया जा रहा है।
गांडा समाज और ग्रामीणों के बीच था मतभेद
ग्राम मिरमिंडा में निवासरत गांडा समाज के लोगों ने शिकायत की थी कि गांव के अन्य लोगों द्वारा उनका सामाजिक बहिष्कार किया जा रहा है तथा उनके घरों में आना-जाना बंद कर दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया।
सहयोग चौपाल में दोनों पक्षों की सुनी गई बात
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोंडागाँव श्री रूपेश कुमार के पर्यवेक्षण में गांव में सहयोग चौपाल का आयोजन किया गया।
थाना प्रभारी माकड़ी ज्ञानेंद्र सिंह चौहान और तहसीलदार माकड़ी अंकुर रात्रे के नेतृत्व में दोनों पक्षों को आमंत्रित कर उनकी बात सुनी गई। चर्चा के दौरान दोनों पक्षों को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सहभागिता की भावना के साथ रहने की समझाइश दी गई।
आपसी सहमति से हुआ विवाद का समाधान
चौपाल में हुई चर्चा के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने पर राजी हो गए। इसके बाद संबंधित आशय का पंचनामा तैयार किया गया और गांव में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
जिलेभर में जारी रहेगी ‘सहयोग चौपाल’
कोंडागाँव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘सहयोग चौपाल’ अभियान जिले के सभी क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से इस पहल में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि जनसहयोग से ही ‘सहयोग चौपाल’ की अवधारणा और अधिक प्रभावी बन सकेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विवादों का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।








