Buy Advt. Space

सचिन तेंदुलकर ने दंतेवाड़ा में खेल क्रांति की नींव रखी

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव दंतेवाड़ा । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के ग्राम छिंदनार स्थित स्वामी आत्मानंद हिन्दी मिडियम हाई स्कूल में क्रिकेट के दिग्गज ने मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन कर क्षेत्र में खेल क्रांति की नींव रखी। यह पहल सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन एवं मानदेशी फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से की गई है, जिसका उद्देश्य वनांचल के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मानदेशी फाउंडेशन के साथ विकास की नई पहल

इस अवसर पर मानदेशी फाउंडेशन की संस्थापक चेतना सिन्हा भी मौजूद रहीं। दोनों संस्थाएं मिलकर क्षेत्र में बुनियादी विकास, खेल सुविधाओं और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का कार्य कर रही हैं।

बच्चों के साथ खेलकर बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम की शुरुआत में सचिन तेंदुलकर ने बच्चों के साथ रस्साकशी, वॉलीबॉल, दौड़ और खो-खो जैसे खेलों में भाग लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों ने पूरे जोश और उमंग के साथ खेलों में हिस्सा लिया, जिससे उनमें टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास हुआ।

50 गांवों में विकसित होंगे खेल मैदान

सचिन तेंदुलकर ने कहा कि भविष्य के चैंपियन तैयार करने के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं जरूरी हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस पहल के तहत क्षेत्र के 50 गांवों में मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड विकसित किए जाएंगे, जहां क्रिकेट, फुटबॉल और कबड्डी जैसे खेलों को बढ़ावा मिलेगा।

मेहनत और अनुशासन से मिलती है सफलता

छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का संगम आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को शॉर्टकट से बचने और खेल के साथ पढ़ाई में संतुलन बनाए रखने की सलाह दी।

जन्मदिन से पहले बच्चों ने काटा केक

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सचिन तेंदुलकर के आगामी जन्मदिन के अवसर पर अग्रिम केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। पूरा परिसर “जन्मदिन मुबारक हो” के नारों से गूंज उठा।

प्रशासन ने बताया विकास की नई दिशा

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि बस्तर अब शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जिसे सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकती है।

गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि बस्तर के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सशक्त पहल भी है।

Leave a Comment