Buy Advt. Space

7 जून को रोजगार दिवस और आवास दिवस का आयोजन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, शासन के निर्देशानुसार आगामी 7 जून को जिले में जिला स्तरीय रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अविनाश भोई ने विभागीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले को सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

लंबित आवासों को शीघ्र पूरा करने पर जोर

आवास दिवस के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित आवासों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। सीईओ ने कहा कि संबंधित हितग्राहियों को लगातार प्रोत्साहित करते हुए अपूर्ण मकानों का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही आवास योजनाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

रोजगार दिवस पर श्रमिकों को मिलेगा अधिकतम रोजगार

रोजगार दिवस के अवसर पर ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा मांग के अनुसार अधिकतम रोजगार उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। मानसून से पहले जल संरक्षण और जल संवर्धन से जुड़े सभी कार्यों को पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अलावा वृक्षारोपण की तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए जलदूत ऐप में निर्धारित समयावधि के भीतर डेटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

व्हीबीजीरामजी योजना के कार्यों का होगा प्रचार-प्रसार

ग्रामीण विकास को गति देने वाली व्हीबीजीरामजी योजना के तहत स्वीकृत एवं पूर्ण हो चुके विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को योजना के लाभों से अवगत कराना और विकास कार्यों में उनकी सहभागिता बढ़ाना है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर चलेगा वृक्षारोपण अभियान

5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। आजीविका डबरियों, तालाबों और अमृत सरोवरों के किनारे बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। “मोर गाँव मोर पानी” महाभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जिले में जल संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए 9 नए तालाब, 1189 आजीविका डबरी तथा 16 तालाबों के गहरीकरण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।

मनरेगा के तहत 14.49 करोड़ रुपये मजदूरी का भुगतान

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल माह से अब तक जिले के श्रमिकों के खातों में लगभग 14 करोड़ 49 लाख रुपये की मजदूरी राशि का शत-प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है।

सीईओ अविनाश भोई ने बताया कि मानसून पूर्व सभी मजदूरी मूलक कार्यों को पूरा करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया है कि 15 जून तक अधिक से अधिक कार्यों को पूर्ण किया जाए, ताकि मानसून के दौरान विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

Leave a Comment