जॉब डेस्क। रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप-D के कुल 21,997 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती में 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है।
आवेदन की तारीखें
ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी 2026 से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक उम्मीदवार 2 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 4 मार्च 2026 है। फॉर्म में सुधार के लिए करेक्शन विंडो 5 से 14 मार्च 2026 तक खुली रहेगी।
एक जोन, एक आवेदन
उम्मीदवार केवल एक रेलवे जोन के लिए आवेदन कर सकते हैं। एक से अधिक जोन के लिए आवेदन करने पर फॉर्म निरस्त कर दिया जाएगा। हालांकि एक ही जोन में उपलब्ध विभिन्न पदों के लिए एक ही फॉर्म में प्राथमिकता दी जा सकती है।
आयु सीमा
आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 से की जाएगी। ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष और एससी/एसटी वर्ग को 5 वर्ष की छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया में पहले कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) होगा। इसमें सफल उम्मीदवारों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET), इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा।
परीक्षा पैटर्न
CBT परीक्षा 90 मिनट की होगी, जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी।
वेतन
चयनित उम्मीदवारों को लेवल-1 के तहत 18,000 रुपये बेसिक वेतन दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए शुल्क 500 रुपये है, जिसमें से परीक्षा देने पर 400 रुपये वापस किए जाएंगे। एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये है, जो परीक्षा में शामिल होने पर पूरी तरह लौटाई जाएगी।
इच्छुक उम्मीदवार http://rrbapply.gov.in वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
रेलवे में बंपर भर्ती: ग्रुप-D के 21,997 पदों पर आवेदन शुरू, 10वीं पास के लिए सुनहरा मौका








