Buy Advt. Space

ऑनलाइन गेमिंग की लत ने छीनी तीन बहनों की जिंदगी, 9वीं मंजिल से कूदकर सामूहिक आत्महत्या

By

गाजियाबाद । गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक बहनों की उम्र 16, 14 और 12 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात करीब 2 बजे की है। तीनों बहनें अपने माता-पिता के साथ गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में किराए के फ्लैट में रह रही थीं। रात के समय माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे, इसी दौरान तीनों किशोरियों ने अपने कमरे की खिड़की से छलांग लगा दी।

ऑनलाइन गेमिंग की लत बनी वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें पिछले कुछ महीनों से ऑनलाइन गेमिंग की आदी थीं। बताया जा रहा है कि वे टास्क बेस्ड कोरियन ऑनलाइन गेम खेलती थीं और कोरोना काल के बाद से उनका स्कूल जाना भी नियमित नहीं था। पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन जब्त कर डिजिटल गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।

8 पेज का सुसाइड नोट बरामद



किशोरियों के कमरे से पुलिस को 8 पेज का एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में उन्होंने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा है—
“इस डायरी में जो लिखा है, वह सब सच है। सॉरी मम्मी-पापा, हम गेम नहीं छोड़ पा रहे हैं।”
नोट में एक रोती हुई इमोजी भी बनाई गई है, जो उनकी मानसिक स्थिति को दर्शाती है।

पुलिस और प्रशासन की प्रतिक्रिया

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों बच्चियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीसीपी गाजियाबाद निमिष पाटिल ने कहा कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। सुसाइड नोट और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।

परिवार की पृष्ठभूमि

पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चियों के पिता ऑनलाइन ट्रेडिंग का कार्य करते हैं और मूल रूप से दिल्ली के निवासी हैं। वे पिछले तीन वर्षों से गाजियाबाद में रह रहे थे। पारिवारिक पृष्ठभूमि और बच्चियों के मानसिक हालात को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

यह घटना ऑनलाइन गेमिंग की लत और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक गंभीर चेतावनी मानी जा रही है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और समय रहते संवाद करें, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Comment