दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में पुलिस आरक्षक की मोटरसाइकिल में आग लगाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला 19 अक्टूबर 2025 की रात का है, जब नेवई भाठा नर्सरी में जुआ खेलने की सूचना पर थाना नेवई की टीम कार्रवाई के लिए पहुँची थी।
पुलिसकर्मियों ने अपनी-अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर नर्सरी में दबिश दी और जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के बाद जब जवान वापस लौटे, तो देखा कि आरक्षक भूमिन्द्र वर्मा की पल्सर मोटरसाइकिल में आग लगी हुई थी। स्थानीय लोगों की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। जांच में स्पष्ट हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की नीयत से आग लगाई थी।
थाना नेवई में अप.क्र. 330/2025 धारा 324(4), 326(च) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दुलेश्वर ठाकुर उर्फ गोल्टू (35 वर्ष), निवासी नेवई भाठा उड़िया पारा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बाइक में आग लगाने की बात स्वीकार की।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि कमल सिंह सेंगर, प्र.आर.1557, आर.1595 शाहबाज खान, तथा आर.1603 रवि बिसाई का सराहनीय योगदान रहा।
नेवई में पुलिस आरक्षक की बाइक जलाने वाला आरोपी गिरफ्तार








