मायके लौटते वक्त हुआ हादसा

शनिवार सुबह दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में 29 वर्षीय नवविवाहिता साक्षी द्विवेदी की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ भिलाई-3 स्थित मायके लौट रही थीं। जैसे ही दोनों ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
ट्रेलर ने कुचलते हुए कुछ दूर तक घसीटा
टक्कर के बाद साक्षी सड़क पर गिर गईं और ट्रेलर के पहियों तले आ गईं। वाहन उन्हें कुछ दूरी तक घसीटता हुआ निकल गया। हादसे में उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल भेजा गया।
साक्षी की शादी को सिर्फ एक साल
साक्षी द्विवेदी की शादी फरवरी 2024 में हुई थी। वह एक निजी कंपनी में HR एक्जीक्यूटिव थीं। बताया जाता है कि वह शनिवार-रविवार को अपनी बीमार मां से मिलने मायके आया करती थीं। इस बार भी वह उसी क्रम में घर लौट रही थीं, लेकिन रास्ते में हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पिता बेहोश
हादसे के बाद साक्षी के पिता सदमे में बार-बार बेहोश हो रहे हैं। वह खुद को ही हादसे का दोषी मानते हुए रो रहे हैं। साक्षी के पति और ससुराल पक्ष के लोग खबर मिलते ही भिलाई पहुंच गए। परिवार में मातम पसरा है।
ट्रेलर चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।








