ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव,नारायणपुर। बंदियों के परिजनों और आश्रितों को कानूनी सहायता एवं मुलाकात प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से उप जेल नारायणपुर में “विधिक सहायता हेल्प डेस्क” की स्थापना की गई है। यह पहल राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार की गई है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल
यह हेल्प डेस्क माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्री खिलावन राम रिंगरी के मार्गदर्शन तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव सुश्री गायत्री साय के नेतृत्व में स्थापित की गई है।
जेल प्रशासन के सहयोग से उप जेल नारायणपुर के मुलाकाती क्षेत्र में यह सुविधा शुरू की गई है, ताकि बंदियों के परिजन एवं आश्रितों को आवश्यक कानूनी जानकारी आसानी से मिल सके।
मुलाकात प्रक्रिया होगी आसान
हेल्प डेस्क के माध्यम से बंदियों के परिजनों को मुलाकात प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य कानूनी औपचारिकताओं की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा जमानत प्रकरण की स्थिति, अपील प्रस्तुत करने से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं के बारे में भी सरल एवं सुगम मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी
हेल्प डेस्क में आम नागरिकों और जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
यहां पैनल अधिवक्ता एवं पैरालीगल वालिंटियर्स की नियुक्ति की गई है, जो बंदियों तथा उनके परिजनों को विधिक सलाह और सहायता संबंधी मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
बंदियों और परिजनों को मिलेगा सीधा लाभ
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बंदियों एवं उनके परिजनों/आश्रितों तक जेल परिसर में ही कानूनी सहायता और आवश्यक जानकारी पहुंचाना है, जिससे मुलाकात प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी बन सके।








