ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिले के ग्राम मसोरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिष्ठान खिलाकर तथा पुस्तकें एवं गणवेश प्रदान कर स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों के उत्साह और उमंग के बीच नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
शिक्षा और अनुशासन से बनेगा उज्ज्वल भविष्य
मुख्य अतिथि विधायक सुश्री लता उसेंडी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
विधायक उसेंडी ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से भी आग्रह किया कि कक्षा 10वीं और 12वीं के बाद विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुरूप उच्च शिक्षा एवं करियर के लिए मार्गदर्शन दें।
शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम
नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
अभिभावकों की भूमिका पर कलेक्टर ने दिया जोर
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में नियमित सहयोग करने और उन्हें प्रतिदिन विद्यालय भेजने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छी हैंडराइटिंग विकसित करने के लिए नियमित अभ्यास करने की सलाह भी दी।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, मॉडल प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में गांव के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं छात्राओं द्वारा तैयार विभिन्न शैक्षणिक प्रोजेक्ट एवं मॉडल का अतिथियों ने अवलोकन कर उनकी सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विधायक सुश्री लता उसेंडी सहित अन्य अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्रीमती ईना श्रीवास्तव, सरपंच श्रीमती सुकली बाई मरकाम, श्री बंटी नाग, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, डीएमसी श्री ईमल बघेल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।








