ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, जिले के ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम पंचायत मर्दापाल में राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। यह प्रशिक्षण एसबीआई आरसेटी (RSETI) कोंडागांव द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
कौशल विकास से रोजगार की ओर कदम
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई के मार्गदर्शन में प्रारंभ किए गए “मेसनरी एंड कंक्रीट वर्क (RMT)” प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को निर्माण कार्यों में दक्ष बनाकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
35 प्रशिक्षणार्थियों का पंजीयन
13 जून 2026 से शुरू हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 35 प्रशिक्षणार्थियों का पंजीयन किया गया है। सभी प्रतिभागियों के लिए नियमित रूप से सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
आधुनिक निर्माण तकनीकों का मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को भवन निर्माण, ईंट चिनाई, कंक्रीट कार्य, गुणवत्ता युक्त निर्माण, सुरक्षा मानकों और आधुनिक निर्माण तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से निर्माण कार्यों में दक्ष बनाया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना को मिलेगा लाभ
जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रशिक्षण से जिले में कुशल राजमिस्त्रियों की संख्या बढ़ेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण और समयबद्ध पूर्णता में प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
स्थानीय स्तर पर मिलेंगे कुशल श्रमिक
अधिक संख्या में प्रशिक्षित राजमिस्त्री उपलब्ध होने से हितग्राहियों को स्थानीय स्तर पर ही कुशल श्रमिक मिल सकेंगे। इससे आवास निर्माण कार्यों में तेजी आएगी और निर्माण की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
स्वरोजगार और विकास को मिलेगा बढ़ावा
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागी अपने कौशल का उपयोग कर स्वयं की आजीविका सुदृढ़ कर सकेंगे। साथ ही वे जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि ऐसे कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और जिले के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।








