खैरागढ़ । थाना खैरागढ़, जिला के.सी.जी. क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपलाकछार में मंडई मेला के दौरान हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
मंडई मेला के दौरान हुआ विवाद
दिनांक 13 जनवरी 2026 को ग्राम पिपलाकछार के बाजार चौक में आयोजित मंडई मेला के दौरान कुछ युवकों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ। विवाद को शांत कराने के लिए मोरध्वज पिता समयलाल पटेल (उम्र 26 वर्ष) मौके पर पहुंचे।
धारदार हथियार से किया गया प्राणघातक हमला
इसी दौरान आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू पिता हिंसाराम निषाद, निवासी अमलीडीह खुर्द द्वारा मोरध्वज पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला किया गया। घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ लाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 14 जनवरी 2026 को 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद एवं उसके एक विधि से संघर्षरत साथी को हिरासत में लिया गया।
जंपिंग झूला विवाद बना हत्या की वजह
पूछताछ में सामने आया कि जंपिंग झूला में कूदने की बात को लेकर आरोपी, मृतक एवं अन्य युवकों के बीच विवाद हो रहा था। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए मोरध्वज से विधि से संघर्षरत बालक की कहासुनी हो गई, जिसके बाद उसने भीड़ का फायदा उठाकर अपने पास रखे चाकू से मोरध्वज के पेट पर हत्या की नीयत से वार किया।
हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
विधि से संघर्षरत बालक की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू जप्त किया गया है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
मुख्य आरोपी हेमचंद निषाद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।








