Buy Advt. Space

महिला आरक्षण पर भाजपा का वार, लता उसेंडी ने विपक्ष घेरा

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । महिला आरक्षण के मुद्दे पर सियासी माहौल गर्म हो गया है। कोंडागांव में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष इस दिशा में बाधा डाल रहा है।

‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को बताया ऐतिहासिक

उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में “ऐतिहासिक मील का पत्थर” है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस कानून के क्रियान्वयन में रोड़े अटका रहा है और नकारात्मक राजनीति कर रहा है।

जनसंख्या और प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया

प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने लोकसभा सीटों के निर्धारण पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सीटें 1971 की जनगणना के आधार पर तय हैं, जबकि देश की आबादी अब काफी बढ़ चुकी है। ऐसे में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने से महिलाओं की भागीदारी में बड़ा बदलाव आएगा।

कांग्रेस पर लगाया महिलाओं के साथ धोखे का आरोप

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसेंडी ने कहा कि “देश की आधी आबादी के साथ कांग्रेस ने धोखा किया है।” उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल के विरोध से कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा सामने आ गया है।

‘निंदा प्रस्ताव’ अभियान की घोषणा

भाजपा ने इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। उसेंडी ने बताया कि 30 अप्रैल तक ग्राम पंचायतों, नगर पालिकाओं और नगर निगमों में कांग्रेस के खिलाफ ‘निंदा प्रस्ताव’ पारित कर राष्ट्रपति को भेजे जाएंगे।

महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए योजनाओं पर जोर

उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी जैसी पहलें महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बना रही हैं। भाजपा कार्यकर्ता इन योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएंगे।

कई पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रेसवार्ता के दौरान महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग, जिलाध्यक्ष श्रीमती संतोषी देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक नेताम, नपा अध्यक्ष नरपति पटेल, मनोज जैन, दीपेश अरोरा, महामंत्री अनिल अग्रवाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment